राजेंद्र कॉलेज के युवा संवाद कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचारक प्रवीर ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश
सारण, 21 जुलाई (हि.स.)। राजेंद्र कॉलेज में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संजय कुमार ने की। मुख्य वक्ता आरएसएस उत्तर बिहार प्रांत के सह प्रांत प्रचारक प्रवीर ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, संस्कृति और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं को भारतीय इतिहास और महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। शंकराचार्य और भारती के शास्त्रार्थ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि ज्ञान व्यक्ति की साधना और क्षमता का विषय है। युवाओं को केवल नौकरी तक सीमित न रहकर देश सर्वप्रथम की भावना से कार्य करना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने जल संरक्षण, पौधारोपण और प्लास्टिक मुक्त जीवन यानी 3पी को अपनाने की अपील की। साथ ही मातृभाषा के प्रति सम्मान पर बल देते हुए कहा कि अंग्रेजी को प्राथमिकता देना मानसिक गुलामी नहीं बनना चाहिए। युवाओं को अपनी भाषा और विरासत पर गर्व होना चाहिए।
कार्यक्रम में विभाग संपर्क प्रमुख अवध किशोर मिश्र, जिला प्रचारक महेश, जिला सह-कार्यवाह प्रह्लाद, नगर संघचालक रविंद्र, डॉ सरोज सिंह, डॉ अनुपम, यश कुमार, धर्मेन्द्र, शिवम सहित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कई पदाधिकारी और स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार