जिसके गले में हरा गमछा, वह अपराधी, सीएम का यह बयान दुर्भाग्यपूर्णः चक्रपाणि
भागलपुर, 24 मई (हि.स.)। बिहार राज्य बाल श्रमिक आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ चक्रपाणि हिमांशु ने रविवार को एक प्रेस बयान जारी कर कहा कि जिनके गले में हरे गमछे हैं, वे अपराधी हैं। मुख्यमंत्री का इस तरह का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। क्या मुख्यमंत्री के गले में भगवा गमछा अपराध मुक्त का संकेत है।
मुख्यमंत्री कपड़े से आदमी को पहचान रहे हैं। इस तरह का बयान किसी मुख्यमंत्री के लिए शोभा नहीं देता है। मुख्यमंत्री को पता नहीं कि वह करीब 14 करोड़ बिहारी के मुख्यमंत्री हैं। हरा गमछा राष्ट्रीय जनता दल की पहचान है। अगर राष्ट्रीय जनता दल अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव एवं कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बिहार के लोगों से आह्वान कर दें कि हरे गमछे लेकर मुख्यमंत्री आवास पटना आना है, तो मुख्यमंत्री घर से नहीं निकाल पाएंगे और इनके सरकार और प्रशासन मुकदर्शक बनकर खड़ी रहेगी। सरकार को विकास और रोजगार की बात करनी चाहिए। चार माह से शिक्षक, कर्मचारियों को वेतन और पेंशन नहीं मिल रहा है। ये लोग गमछा पहचान कर रहे हैं। डीजल, पेट्रोल एवं रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। देश की जनता रसोई गैस के लिए सड़क पर उतरकर विरोध कर रही है। दूसरी तरफ गलत आंकड़ा पेश कर पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी कह रहे हैं कि यादव जाति के लोग सबसे ज्यादा अपराधी हैं। इस तरह की राजनीति बिहार में पहली बार पनप रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर