मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा :41 का उद्घाटन तो 23 योजनाओं का होगा शिलान्यास
बक्सर, 23 मार्च (हि.स.)। आगामी 25 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के तहत बक्सर पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा जोर-शोर से तैयारियां की जा रही हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री जिलेवासियों को कुल 41 विकास योजनाओं की सौगात देंगे, जिनकी कुल लागत 10566.64 लाख रुपये है। इन योजनाओं में 4635.28 लाख रुपये की लागत से निर्मित 520 शैय्या वाले अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय हरनीचती समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री 48568.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 23 नई योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। प्रमुख योजनाओं में एनएच-84 से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले को जोड़ने वाली गंगा नदी पर बने जननेश्वर मिश्रा पुल के पहुंच पथ का निर्माण कार्य शामिल है, जिसकी लागत 38676.95 लाख रुपये है। इसके अलावा जिला मुख्यालय में 620 सीटों की क्षमता वाले अटल कला भवन का निर्माण कार्य 1973.26 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा