मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार से की मुलाकात

 




पटना, 02 मई (हि.स.)। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर जारी अटकलों के बीच शनिवार को राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। यह मुलाकात पटना स्थित 7, सर्कुलर रोड पर नीतीश कुमार के नए आवास पर हुई, जिसे शिष्टाचार भेंट बताया जा रहा है।

करीब 30 मिनट तक चली इस बैठक में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी मौजूद रहे। हालांकि, मुलाकात को औपचारिक बताया गया, लेकिन इसे कैबिनेट विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, बिहार में नई सरकार के गठन को 15 दिन से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो सका है। ऐसे में सभी विभागों का कार्यभार फिलहाल मुख्यमंत्री और दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास ही है। इसके बावजूद सरकार ने दो कैबिनेट बैठकें कर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जल्द ही संभावित मंत्रियों की सूची लेकर दिल्ली जा सकते हैं, जहां पार्टी नेतृत्व के साथ अंतिम चर्चा के बाद कैबिनेट विस्तार को हरी झंडी मिल सकती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की थी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बिहार में सत्ता संतुलन और सहयोगी दलों के बीच तालमेल को ध्यान में रखते हुए मंत्रिमंडल विस्तार की प्रक्रिया में सावधानी बरती जा रही है। आने वाले दिनों में इस पर बड़ा फैसला हो सकता है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी