मुख्यमंत्री ने 84 पुलिस वाहनों का किया लोकार्पण

 


पटना, 17 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' के सामने बने मंच से बिहार पुलिस के उपयोग के लिए 48 पुलिस बस, 30 चार पहिया वाहन समेत कुुल 84 वाहनों का लोकार्पण किया इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर पुलिस वाहनों को रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने पुलिस वाहनों के लोकार्पण के पूर्व उसकी कार्य प्रणाली के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पुलिस वाहनों की उपलब्धता से राज्य में पुलिसिंग की कार्य क्षमता तथा दक्षता और बढ़ेगी। साथ ही विधि व्यवस्था को मेंटेन करने में और सहूलियत होगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नए वाहनों से अपराध नियंत्रण, आपातकालीन स्थितियों में त्वरित कार्रवाई तथा जनसुरक्षा को और मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बिहार पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इन नए वाहनों के शामिल होने से पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी, गश्ती व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा आम जनता को बेहतर सुरक्षा एवं पुलिस सेवाएँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने मुख्यमंत्री को हरित पौधा भेंटकर स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी