पटना मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाएं और इसे शीघ्र पूर्ण करें : मुख्यमंत्री
पटना, 02 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौघरी की अध्यक्षता में आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'संवाद' में पटना मेट्रो, ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप योजना तथा जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1) परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा हुयी। इस बैठक में पटना मेट्रो रेल परियोजना और राज्य में प्रस्तावित नए टाउनशिप की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के अंदर ही पूर्ण करें। निर्माण कार्य में जो भी मेट्रो निर्माण में जो भी कठिनाइंया हैं उसे जल्द दूर करें।
उन्होंने कहा कि मेट्रो निर्माण कार्यों में तेजी लाएं और जल्द पूर्ण करें ताकि आम जनता को आवागमन में सुविधा हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में शहरीकरण को बढावा देने के लिए प्रस्तावित 11 सैटेलाइट टाउनशिप के निर्माण की योजना बनाई गई है। इन टाउनशिप के विकास के लिए तेजी से कार्य करें। परियोजनाओं को पूर्ण करने के लिए निर्धारित समय-सीमा का जो खाका पेश किया गया है उस पर चरणबद्ध ढंग से काम करें।
उन्होंने कहा कि पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम उपयोगी प्रणाली साबित होगा। यह एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सुगम और निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगा।
समीक्षा बैठक के दौरान पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल ने जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान (फेज-1), पटना रिवर विकास के संबंध में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। यह परियोजना दीघा से सभ्यता द्वार (गांधी मैदान) तक 6 किमी. लंबाई की होगी। 25 सितंबर 2027 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अच्छी है। पर्यावरण के अनुकूल रखते हुए इसे ससमय योजनाबद्ध ढंग से पूर्ण करें। पार्किंग व्यवस्था और खेल मैदान सहित अन्य अवयवों का इस ढंग से निर्माण करें कि लोग इसका सुगमता से लाभ उठा सकें।
समीक्षा के पश्चात् मुख्यमंत्री ने इस परियोजना के तहत निर्माण किए जानेवाले विभिन्न अवयवों का जेपी गंगापथ पर जाकर इसका स्थल निरीक्षण किया।
इस क्रम में दीघा, एलसीटी घाट, बांस घाट पर रुककर जेपी गंगा पथ समग्र उद्यान के तहत किए जानेवाले विकास कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सौंदर्याकरण और विकास कार्य इस ढंग से कराएं कि लोगों को सुरक्षित भी रहें और आनंद भी उठा सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी