सारण में कई विद्युत परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया उद्घाटन
सारण, 14 जून (हि.स.)। ऊर्जा क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका सीधा प्रसारण छपरा जिला मुख्यालय में भी देखा गया। इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, विद्युत विभाग के कार्यपालक एवं सहायक अभियंताओं समेत कुटीर ज्योति योजना के लाभार्थी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जिले के विकास के लिए कई विद्युत परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण किया गया। मुख्य परियोजनाओं में रिविलगंज प्रखंड के सिताब दियारा में 33/11 के.वी. विद्युत शक्ति उपकेंद्र का लोकार्पण तथा 77 सर्किट किलोमीटर लंबी 132 के.वी. छपरा-एकमा-रघुनाथपुर सिंगल सर्किट संचरण लाइन का उद्घाटन शामिल है। इसके अतिरिक्त, नवीकरणीय ऊर्जा को गति देने के लिए प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत मांझी में सौर ऊर्जा परियोजना का भी लोकार्पण किया गया।
इन परियोजनाओं से सारण जिले की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था अत्यधिक सुदृढ़, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण बनेगी। विशेष रूप से सुदूर सिताब दियारा क्षेत्र के उपभोक्ताओं को अब निर्बाध बिजली मिल सकेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों से सीधा संवाद भी किया।
सारण जिले में इस योजना के तहत लगभग 4,000 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को लाभान्वित किया जाएगा। इसके अंतर्गत पात्र उपभोक्ताओं के घरों की छतों पर सरकार द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वच्छ व सस्ती बिजली मिलेगी और बिजली बिल के खर्च में कमी आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार