मुख्यमंत्री ने 1,047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

 


-सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण, एमआईटी में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा

मुजफ्फरपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को मुजफ्फरपुर में नगर विकास एवं आवास विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 1,047.09 करोड़ रुपये की लागत वाली 982 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इनमें 375.04 करोड़ रुपये की लागत से मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना की 669 परियोजनाएं, 233.77 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज योजना की तीन परियोजनाएं तथा 213.25 करोड़ रुपये की लागत से मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी परियोजना सहित अन्य विकास कार्य शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिकंदरपुर में मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत 213.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित सिकंदरपुर लेक फ्रंट का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने लेक फ्रंट का निरीक्षण किया। परिसर के रात्रिकालीन सौंदर्य को वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से भी दिखाया गया।

सम्राट चौधरी ने कहा कि आकर्षक फव्वारों, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था और कलाकृतियों से सुसज्जित यह लेक फ्रंट शहर को नई पहचान देगा। उन्होंने अधिकारियों को परिसर में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने बाबा गरीबनाथ और शहीद जुब्बा सहनी सहित जिले की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नमन किया।

एमआईटी मुजफ्फरपुर परिसर में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज परियोजनाओं और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी योजना से जुड़ी परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने बताया कि 673 योजनाओं का उद्घाटन और 309 योजनाओं का शिलान्यास किया गया है, जिससे शहरी आधारभूत संरचना, जल निकासी व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और आधुनिक आधारभूत संरचना का निर्माण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में 12 नए टाउनशिप विकसित किए जाएंगे, जिनमें मुजफ्फरपुर में तिरहुत टाउनशिप की स्थापना भी शामिल है।

सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। पटना-मुजफ्फरपुर रैपिड रेल कॉरिडोर बनने से दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट रह जाएगा। वहीं हल्दिया-रक्सौल हाईवे बनने से मुजफ्फरपुर की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी तथा व्यापार और आवागमन को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के बाद मुजफ्फरपुर से कोलकाता की यात्रा लगभग छह घंटे में पूरी की जा सकेगी।

उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीतामढ़ी में माता सीता के भव्य मंदिर का निर्माण कराया जा रहा है।

उच्च शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर स्थित एमआईटी परिसर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजियरिंग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। यह संस्थान तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा बिहार के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा के नए अवसर उपलब्ध कराएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और बिहार भी उसी गति से विकास की नई इबारत लिख रहा है। उन्होंने कहा कि जो बिहार कभी विकास के मामले में पिछड़ा माना जाता था, वह आज देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि कोई भी पात्र गरीब सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिन गरीब परिवारों का नाम अब तक राशन कार्ड में शामिल नहीं हो सका है, उन्हें चिह्नित कर लगभग एक करोड़ नए परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा जाएगा, ताकि हर जरूरतमंद तक इसका लाभ पहुंच सके।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी