प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने की घटना में बिहार के 3 मजूदरों की मौत पर मुख्यमंत्री मर्माहत
पटना, 24 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में कोल्ड स्टोरेज की छत गिरने की घटना में बिहार के रहनेवाले 3 मजदूरों की हुई मौत पर मर्माहत हैं। उन्होंने इस घटना को काफी दुखद बताया है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना में मृत मजदूरों के शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
मुख्यमंत्री ने इस घटना में बिहार के मृतक मजदूरों के परिजनों को मुख्यमंत्री राहत कोष से 02-02 लाख रूपये अनुग्रह अनुदान देने की घोषणा की है।
उन्होंने बिहार के रहनेवाले घायल मजदूरों के समुचित इलाज की भी व्यवस्था करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।
मुख्यमंत्री ने स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली को मृत मजदूरों के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुँचाने के लिये सभी समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी