कटिहार में मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना से 30 बच्चों का सफल ऑपरेशन, 118 की हुई जांच

 

कटिहार, 16 अगस्त (हि.स.)। राज्य सरकार के प्रयासों से कटिहार जिले में आमजनों के स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार बेहतर और आधुनिक कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जिले के सदर अस्पताल से लेकर सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक ओपीडी, इनडोर, मुफ्त पैथोलॉजी और एक्स-रे जैसी स्वास्थ्य सुविधाएं बड़े पैमाने पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके साथ ही गंभीर बीमारियों के इलाज और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

मुफ्त जांच और आधुनिक चिकित्सा सेवाएं:

जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से दी जा रही सुविधाओं के तहत कटिहार सदर अस्पताल और सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मुफ्त पैथोलॉजी जांच की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा, जिले के कुल 13 स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को एक्स-रे की मुफ्त सुविधा मिल रही है। सदर अस्पताल में आधुनिक अल्ट्रासाउंड और डायलिसिस की सेवाएं पीपीपी मोड के तहत संचालित की जा रही हैं, जबकि कैंसर रोगियों की सुविधा के लिए अस्पताल परिसर में 'कैंसर डे केयर' की स्थापना की गई है।

'मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना' और 'दीदी की रसोई' बनी वरदान:

बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए “मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना“ के तहत जन्मजात हृदय रोग (दिल में छेद) से ग्रसित बच्चों के लिए पूरी तरह निःशुल्क इलाज की व्यवस्था की गई है। कटिहार जिले में अब तक कुल 118 बच्चों की जांच आईजीआईसी व आईजीआईएमएस (पटना) तथा सत्यसाई हॉस्पिटल (अहमदाबाद) से कराई गई है, जिनमें से 30 बच्चों का सफल ऑपरेशन भी किया जा चुका है।

इसके साथ ही, सदर अस्पताल और अनुमंडलीय अस्पतालों में भर्ती होने वाले मरीजों को निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “दीदी की रसोई“ का संचालन किया जा रहा है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बड़ी राहत मिली है।

स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण:

जिले में चिकित्सा व्यवस्था को ग्रासरूट स्तर पर मजबूत करने के लिए प्रखंड स्तर के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को 6-बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में उत्क्रमित किया जा रहा है। कटिहार जिले में अब तक कुल 10 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि बलरामपुर और हसनगंज के सीएचसी का भवन निर्माण कार्य अपने अंतिम चरण में है।

इसके अतिरिक्त, वित्तीय वर्ष 2025-2026 के तहत जिले में 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' के अंतर्गत 10 नए स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण कार्य भी सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह