सड़कों एवं पुलों के निर्माण की गुणवत्ता और रख-रखाव में किसी प्रकार की कोताही नहीं की जाएगी बर्दाश्त : मुख्यमंत्री
पटना, 04 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में पथ निर्माण विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़कों एवं पुलों के निर्माण की गुणवत्ता तथा उनके रख-रखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो यह सुनिश्चित करें। जनता को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सड़क संपर्क उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि सड़कों एवं पुलों के निर्माण तथा अनुरक्षण कार्यों के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता तथा प्रबंधन बेहतर ढंग से करें ताकि परियोजनायें ससमय एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण हो सकें। राज्य के सभी पुलों का विशेषज्ञों से नियमित निरीक्षण तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षा ऑडिट सुनिश्चित करायें।
मुख्यमंत्री ने मुंगेर (सफियाबाद) बरियारपुर-घोरघट-सुल्तानगंज-भागलपुर-सबौर फोरलेन गंगा पथ परियोजना की प्रगति की समीक्षा के क्रम में में कहा कि हाइब्रिड एन्यूटी मोड के तहत इस परियोजना पर काम करें। इस महत्वपूर्ण परियोजना के कार्यों को
समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ायें ताकि पूर्वी बिहार की कनेक्टिविटी को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके तथा क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को गति मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त