बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के सामूहिक परेड-सह-वार्षिक पारितोषिक वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री

 




पटना, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस- 5 स्थित मिथिलेश स्टेडियम में बिहार पुलिस सप्ताह-2026 के अवसर पर आयोजित सामूहिक परेड-सह-वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शामिल हुए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रैतिक परेड (मार्च पास्ट) का निरीक्षण किया और सलामी ली। मुख्यमंत्री के समक्ष विशेष कार्य बल बिहार पटना, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (गोरखा वाहिनी), बिहार दंगा निरोधी वाहिनी, बिहार स्वाभिमान विशेष सशस्त्र बल, बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस, महिला सासाराम सहित कुल 8 टुकड़ियों ने मार्च पास्ट किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य के लिये गया के वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अनिरूद्ध कुमार एवं स्व बिश्वा उरांव की धर्मपत्नी को प्रशस्त्रि पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने पुलिस को सहयोग करने वाले आम नागरिकों को कर्तव्य निर्वहन एवं वीरता के लिये रोहतास जिले के मो अख्तर अंसारी एवं ओमप्रकाश पाण्डेय, बेगूसराय जिले के अमित कुमार एवं आनंद माधव मिश्रा, बगहा जिले के लक्ष्मी खत्री, पूर्वी चम्पारण जिले के सुनील प्रसाद, उतीम गद्दी एवं रविन्द्र कुमार। मधुबनी जिले के राजू कामत, दरभंगा जिले के डॉ इकबाल हसन, धीरज कुमार यादव एवं अमन यादव को नागरिक प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार द्वारा विशिष्ट थाना के लिये दरभंगा नगर थाना को दिया गया प्रशस्ति पत्र संबंधित पुलिस पदाधिकारी को प्रदान किया।

समारोह में मुख्यमंत्री का स्वागत पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने पुष्प गुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी