सीएम के आगमन से पहले सचिव चंद्रशेखर सिंह ने लिया तैयारियों का जायजा
सुपौल, 19 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के बलुआ आगमन कार्यक्रम से करीब 12 घंटे पहले जल संसाधन विभाग के सचिव चंद्रशेखर सिंह बलुआ पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद सचिव वीरपुर स्थित आईबी पहुंचे।
बुधवार को अनौपचारिक निरीक्षण के दौरान सचिव चंद्रशेखर सिंह ने कोसी बराज पहुंचकर बराज के गेटों के संचालन की स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पश्चिमी मुख्य नहर के विभिन्न कार्यों का भी निरीक्षण किया और कार्यों की स्थिति पर संतोष जताया। इसके बाद जल संसाधन विभाग के अधिकारियों की टीम वीरपुर स्थित फिजिकल मॉडलिंग सेंटर पहुंची। करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस केंद्र को दुनिया का पांचवां और एशिया का दूसरा सबसे बड़ा फिजिकल मॉडलिंग सेंटर बताया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने केंद्र के विभिन्न टर्मिनल, कार्यालय सहित मॉडलिंग सेंटर में होने वाली पूरी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। सचिव ने केंद्र के उद्घाटन में आ रही बाधाओं के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश से केंद्र के लंबित कार्यों के बारे में जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि लैब में जांच से संबंधित अंतिम प्रयोग के लिए हाल के दिनों में टेंडर किया गया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद आवश्यक निर्माण कार्य के साथ संबंधित उपकरणों एवं सामग्रियों की खरीदारी की जाएगी। इसके बाद आवश्यक तैयारी पूरी कर एक दिन निर्धारित कर केंद्र का उद्घाटन कराया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश, अधीक्षण अभियंता संजय कुमार, कार्यपालक अभियंता बबन पांडे, बराज एसडीओ प्रशांत कुमार, केनाल के चीफ इंजीनियर अनिल कुमार, अधीक्षण अभियंता अफजल आलम, कार्यपालक अभियंता राजेश कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र