मुख्यमंत्री का 25 मार्च को बक्सर दौरा, तैयारियों में जुटा प्रशासन
बक्सर, 20 मार्च (हि.स.)।
जिले में 25 मार्च को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आगमन की तैयारी जोरों पर है। समृद्धि यात्रा के तहत प्रस्तावित इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगा है। हालांकि अभी उनका विस्तृत कार्यक्रम जारी नहीं हुआ है, लेकिन अनुमान है कि वे करीब एक से दो घंटे तक जिले में रहेंगे।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री प्रगति यात्रा में की गई घोषणाओं के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही वे आम लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और समाधान के निर्देश देंगे। इसके अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे।
जिला पदाधिकारी साहिला के अनुसार, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम मुख्य रूप से आईटीआई मैदान और किला मैदान में प्रस्तावित है। आईटीआई मैदान में वे अटल कला भवन (ऑडिटोरियम) और निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण करेंगे। 620 सीटों वाले इस ऑडिटोरियम का निर्माण दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इसके बाद मुख्यमंत्री किला मैदान में जनसंवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे और सभा को संबोधित करेंगे। प्रशासन इस दौरे को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा