आधार केंद्र बंद रहने से बढ़ी लोगों की परेशानी, कई दिनों से लौट रहे लोग
भागलपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। जिले के पिरपैंती प्रखंड स्थित आधार केंद्र में लगातार हो रही तकनीकी समस्या के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र के बाहर चिपकाए गए नोटिस में लिंक फेल होने की वजह से सेवा बंद होने की सूचना दी जा रही है स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति पिछले तीन-चार दिनों से बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पूरे क्षेत्र में मात्र एक ही आधार केंद्र होने के कारण यहां रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। कई लोग 15 से 20 किलोमीटर दूर से आधार से जुड़ी सेवाओं—जैसे नया आधार बनवाना, अपडेट कराना या सुधार करवाने के लिए आते हैं। लेकिन केंद्र बंद रहने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि आधार कार्ड आज के समय में एक जरूरी दस्तावेज बन चुका है। स्कूल और कॉलेज में एडमिशन, सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंकिंग कार्य सहित कई जरूरी काम आधार पर निर्भर हैं। ऐसे में बार-बार केंद्र बंद रहने से आम जनता की समस्याएं और बढ़ गई हैं। स्थानीय नागरिकों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द समाधान किया जाए। साथ ही क्षेत्र में अतिरिक्त आधार केंद्र खोलने की भी जरूरत जताई गई है, ताकि लोगों को इतनी दूर से आकर परेशानी का सामना न करना पड़े। फिलहाल, आधार केंद्र की सेवाएं कब तक बहाल होंगी, इसको लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर