बंद घर में चोरी का खुलासा: तीन गिरफ्तार, सोने-चांदी के जेवर समेत लाखों का सामान बरामद

 


सीवान, 15 जून (हि.स.)। गुठनी थाना क्षेत्र के खिलवा गांव में बंद घर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सोने-चांदी के आभूषण, गैस सिलेंडर, मोबाइल, इनवर्टर समेत चोरी गया कई सामान भी बरामद किया है।

सोमवार को गुठनी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि घटना के बाद थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही थी। तकनीकी अनुसंधान, मानवीय सूचना और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नौतन और दरौली थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नौतन थाना क्षेत्र के बड़ईपट्टी निवासी अमित राम तथा दरौली थाना क्षेत्र के अमरपुर बेल्थरा निवासी झुन्नी देवी और मधु देवी के रूप में हुई है।

जेवर से लेकर इनवर्टर तक बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी गए सामानों की बरामदगी की है। बरामद वस्तुओं में सोने की अंगूठी, सोने का मांगटीका, चांदी का कमरबंद, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन, इनवर्टर और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।

घर खाली देख चोरों ने बोला था धावा

एसडीपीओ ने बताया कि मकान मालिक के घर पर नहीं रहने का फायदा उठाकर आरोपितों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच के आधार पर सुराग जुटाए और आखिरकार आरोपितों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

चोरी के नेटवर्क की भी होगी जांच

पुलिस का कहना है कि मामले में अनुसंधान अभी जारी है। चोरी की घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और संभावित नेटवर्क की भी गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा को लेकर विश्वास बढ़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma