एसएसबी सैदाबाद बीओपी के जवानों ने मध्य विद्यालय सैदपोखर में चलाया स्वच्छता अभियान

 


अररिया 26 अक्टूबर(हि.स.)। एसएसबी 52वीं वाहिनी की बाह्य सीमा चौकी सैदाबाद के बल कार्मिकों द्वारा सोमवार को विशेष अभियान के अंतर्गत मध्य विद्यालय, सैदपोखर में स्वच्छता अभियान चलाया गया।एसएसबी के जवानों ने विद्यालय परिसर की साफ सफाई के साथ बिखरे कूड़े कचरों को जमा कर उसका निष्पादन किया।

एसएसबी जवानों के साथ ग्रामीण जनप्रतिनिधि और स्कूल प्रबंधन कमिटी के सदस्य भी शामिल हुए।एसएसबी जवानों ने मौके पर स्कूल के बच्चों के साथ ग्रामीणों को सफाई के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि गंदगी कई बीमारियों को जन्म देती है।हमारा कर्तव्य न केवल अपने घरों को ही साफ सुथरा रखना है,बल्कि घर के आसपास के इलाके को भी साफ रखना चाहिए।

एसएसबी जवानों ने बच्चों के समझाते हुए कहा कि कूड़े कचरों को सड़क पर या इधर उधर नहीं फेंकना चाहिए,बल्कि उसे डस्टबिन में फेंकना चाहिए।जीवनशैली में सफाई को अपनाने पर बल देते हुए प्रतिदिन स्नान के साथ नाखून हाथ की सफाई करने को लेकर स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर