स्वच्छता पखवाड़ा: कटिहार रेल मंडल में साइक्लोथॉन का आयोजन

 


कटिहार, 25 सितंबर (हि.स.)। स्वच्छता पखवाड़ा के तहत शुक्रवार को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से एक भव्य साइक्लोथॉन (साइकिल रैली) का आयोजन किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) किरेंद्र नरह के नेतृत्व में आयोजित इस साइकिल रैली में अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) मनोज कुमार सिंह, सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह सहित सभी विभागों के वरिष्ठ रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

स्टेशन से आईपीजी मॉल फ्लाईओवर तक निकली रैली

साइक्लोथॉन का विधिवत शुभारंभ कटिहार रेलवे स्टेशन परिसर से हुआ। निर्धारित रूट के अनुसार डीआरएम सहित सभी प्रतिभागियों ने स्टेशन परिसर से आईपीजी मॉल फ्लाईओवर तक उत्साहपूर्वक साइकिल चलाई और वहां से वापस स्टेशन परिसर लौटे। इस अवसर पर डीआरएम किरेंद्र नरह ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता के साथ-साथ नियमित व्यायाम, स्वस्थ दिनचर्या और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

अधिकारी व कर्मचारी संवर्ग में विजेता हुए पुरस्कृत

आयोजन के दौरान अधिकारी और कर्मचारी वर्ग के लिए अलग-अलग स्पर्धा रखी गई थी। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को डीआरएम ने मंच से पुरस्कार देकर सम्मानित किया। अधिकारी वर्ग में सीनियर डीएसटीई गौरव राजपाल ने प्रथम, सीनियर डीएनसी प्रभात रंजन सिंह ने द्वितीय तथा सीनियर डीईई (टीआरडी) बिनोद कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं रेल कर्मचारी वर्ग में ओमप्रकाश कुमार प्रथम, कमलेश कुमार द्वितीय और अप्पू झा तृतीय स्थान पर रहे। मंच संचालन अमित सागर द्वारा किया गया।

प्रमुख अधिकारियों की रही मौजूदगी

मौके पर आरपीएफ कमांडेंट संदीप कुमार पीएस, सीनियर डीएन-2 अशोक कुमार, डीएमई प्रियम अग्रवाल, खेल अधिकारी पंकज पाल, डॉ. दयानंद सिंह, एसीएम निशांत कुमार व राम दयाल कुमार सहित कई रेल अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डीआरएससी के राकेश कुमार, वेद प्रकाश, बुबली, पीपू, सतीश, सूरज, संजीव, अजीत, आशीष, संतोष और नीतीश सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। उल्लेखनीय है कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत कटिहार मंडल में प्रतिदिन विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह