कचड़ा प्रबंधन से ही प्रदूषण मुक्त होंगी नदियां: कटिहार में पार्कों व सार्वजनिक स्थलों को चमकाकर युवाओं ने पेश की मिसाल

 


कटिहार, 23 सितंबर (हस.)। ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के अंतर्गत जिला गंगा समिति, नगर निगम कटिहार तथा ‘मेरा युवा भारत’ के संयुक्त तत्वावधान में समाहरणालय के समीप स्थित पार्कों, सार्वजनिक स्थलों एवं विद्यालय परिसरों में व्यापक श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मियों, युवाओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर परिसरों की साफ-सफाई की और आमजन को स्वच्छ व सुंदर वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।

सफाई अभियान के दौरान उपस्थित युवाओं और स्कूली बच्चों को दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।

विशेष रूप से गंगा सहित अन्य नदियों को अविरल और निर्मल बनाए रखने के लिए जनसहभागिता, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। उपस्थित वक्ताओं ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि दैनिक जीवन में कचरा खुले में न फेंकने और प्लास्टिक का उपयोग बंद करने जैसे छोटे-छोटे प्रयासों से नदियों को प्रदूषण मुक्त बनाने में नागरिक स्तर पर बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह