स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित उत्कृष्ट छात्र हुए पुरस्कृत
सारण, 27 जुलाई (हि.स.)। छपरा नगर निगम द्वारा आज सरस्वती शिशु विद्या मंदिर दर्शन नगर में फोर स्ट्रीम सोर्स सेग्रिगेशन ऑफ वेस्ट विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में कचरे के चार स्तरीय पृथक्करण की आदत डालना और उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में कक्षा 7 के विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर गौरी कुमारी को प्रथम, अनीकेश प्रकाश को द्वितीय तथा सूर्या पांडेय को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने विजेताओं को मोमेंटो तथा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ भारत के निर्माण में बच्चों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि प्रत्येक बच्चा घर में कचरे का सही अलगाव सुनिश्चित करे, तो स्वच्छ व पर्यावरण-अनुकूल समाज का निर्माण संभव है। स्वच्छता पदाधिकारी संजीव कुमार मिश्रा एवं सुमित कुमार ने कचरे को चार श्रेणियों में अलग करने की तकनीकी जानकारी दी।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य विनोद कुमार, उप नगर आयुक्त अरशद इमाम, सीएम फेलो साकेत कुमार, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सामूहिक स्वच्छता शपथ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार