सिविल कोर्ट, बक्सर में नवनियुक्त लिपिकों को सीआईएस 4.0 पर ई-समन जारी करने का दिया गया प्रशिक्षण
बक्सर, 25 जुलाई (हि.स.)। सिविल कोर्ट, बक्सर में न्यायिक कार्यों के डिजिटलीकरण को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शनिवार को नवनियुक्त अपर डिवीजन क्लर्क (यूडीसी) के लिए विशेष कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सीआईएस 4.0 प्रणाली के माध्यम से गवाहों को क्रमिक तिथियों पर ई-समन जारी करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
न्यायालय परिसर स्थित 16 कोर्ट बिल्डिंग के कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित प्रशिक्षण में सिस्टम ऑफिसर विजय कुमार सिंह ने नवनियुक्त लिपिकों को ई-समन जारी करने की तकनीकी प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियों और न्यायालयीय कार्यों में इसके प्रभावी उपयोग से अवगत कराया।
प्रभारी प्रशासन राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सीआईएस 4.0 के माध्यम से ई-समन जारी करने की प्रक्रिया को अधिक दक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध बनाना है, ताकि न्यायिक कार्यों में डिजिटल तकनीक का अधिक प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधान लिपिक संजय कुमार सहित अविनाश कुमार, अभिषेक, सोनम, कहकशां परवीन, राहुल, दीक्षित, सोनिका, चंदन, राजेश, प्रिया, रचिता, साक्षी, ऋचा, आशुतोष, गुड्डू, मणिराज, गौरव, आरती सहित सभी नवनियुक्त लिपिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra