सिविल जज रौशन कुमार छापोलिया को भावभीनी विदाई
दरभंगा, 18 नवंबर (हि.स.)।
जिले के व्यवहार न्यायालय बेनीपुर में पदस्थापित सिविल जज रौशन कुमार छापोलिया के स्थानांतरण पर न्यायालय परिवार की ओर से भावभीनी विदाई दी गई। अल्प कार्यकाल के बावजूद उन्होंने अपनी कार्यशैली, मृदुभाषी व्यवहार तथा कुशल न्यायिक एवं प्रशासनिक क्षमता से न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं के बीच विशेष पहचान बनाई।
उनका मानना था कि न्यायालय में आने वाले प्रत्येक पक्षकार का हित सर्वोपरि होना चाहिए। उनका कहना था कि लोग अनेक स्थानों से निराश होने के बाद न्याय की उम्मीद लेकर अदालत पहुंचते हैं। ऐसे में यदि न्यायालय में भी उनकी बात गंभीरता से नहीं सुनी जाएगी तो उनके पास न्याय की उम्मीद लेकर जाने का दूसरा विकल्प क्या बचेगा? उनकी यह सोच न्याय के प्रति संवेदनशीलता और आम लोगों के प्रति जवाबदेही को दर्शाती है। वे टीम वर्क में विश्वास रखते थे। सभी को साथ लेकर काम करना, समय की पाबंदी और अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण समर्पण उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषताएं रहीं। उनके व्यक्तित्व और काम करने के तरीके ने न्यायालय के कर्मचारियों को भी प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि श्री छापोलिया का स्थानांतरण अरवल जिला न्यायालय में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव पद पर हुआ है। प्राधिकार सहायक कुमार गौरव ने बताया कि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दरभंगा अजय कुमार शर्मा की अध्यक्षता में न्यायालय परिसर में भव्य विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विशेष न्यायाधीश उत्पाद न्यायालय आनंद कुमार सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम ऋषि गुप्ता, एसडीजेएम रोहित कुमार गुप्ता, सिविल जज जूनियर डिवीजन श्रेया कुशवाहा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
अधिवक्ता संघ बेनीपुर की ओर से भी उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान उनके कार्यकाल, व्यवहार और न्यायिक योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra