कटिहार व्यवहार न्यायलय के नवनियुक्त लिपिकों के दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण संपन्न

 


कटिहार, 24 मई (हि.स.)। बिहार न्यायिक अकादमी, पटना के आदेश और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के निर्देश पर कटिहार व्यवहार न्यायालय के नवनियुक्त अपर विभागीय लिपिकों के लिए स्थानीय विकास भवन में आयोजित दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवनियुक्त कर्मियों को अदालती कामकाज के प्रति दक्ष, अनुशासित और उत्तरदायी बनाना है, ताकि वे न्यायिक कार्यों का निष्पादन अधिक प्रभावी ढंग से कर सकें।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम नोडल पदाधिकारी सह सिविल जज (सीनियर डिवीजन चतुर्थ) कुलदीप श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में पूरा हुआ। दो दिनों तक चले इस सत्र में व्यवहार न्यायालय के सेवानिवृत्त अनुभवी कर्मचारी ऋषिकेश झा, सदानंद झा और गौरी शंकर झा ने प्रशिक्षक (ट्रेनर) के रूप में भाग लिया। उन्होंने नए कर्मियों को न्यायालयीन कार्य प्रणाली, फाइलों के रखरखाव (अभिलेख संधारण), कार्यालय संचालन और विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं की बारीकियाँ और व्यावहारिक जानकारी दी।

प्रशिक्षण के संबंध में जानकारी देते हुए नोडल पदाधिकारी कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कोर्ट के काम में सटीकता और अनुशासन बेहद जरूरी है। इस ट्रेनिंग से नए लिपिकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी जिससे अदालती कार्यों में तेजी आएगी। कार्यक्रम के समापन के मौके पर वरीय पेशकार आशीष कुमार त्रिवेदी, रमन पाठक, राजेंद्र झा सहित सैकड़ों की संख्या में न्यायालय के कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह