सिविल कोर्ट अटेंडेंट परीक्षा 15 मार्च को, 6264 अभ्यर्थी होंगे शामिल

 


कटिहार, 13 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन ने सिविल कोर्ट में अटेंडेंट (पियन - जनरल + ऑर्डरली) के पद पर नियुक्ति के लिए 15 मार्च को होने वाली परीक्षा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दो पालियों में आयोजित होने वाली इस परीक्षा के लिए जिले में 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 6264 अभ्यर्थी भाग लेंगे।

जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इयाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए गए हैं, और पुलिस बल की तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और अन्य निषिद्ध वस्तुओं के साथ परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे मध्याह्न तक और द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 बजे से 04:00 बजे अपराह्न तक चलेगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। प्रथम पाली के लिए पूर्वाह्न 08:30 बजे से 09:30 बजे तक और द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 12:30 बजे से 01:30 बजे तक का समय निर्धारित है।

अभ्यर्थियों को जूता-मोजा पहनकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति है, लेकिन फ्रिस्किंग के दौरान जूता-मोजा खुलवाकर जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। परीक्षा केंद्र में केवल दो पासपोर्ट आकार के रंगीन फोटो, पहचान प्रमाण पत्र, और उसकी एक स्व-सत्यापित प्रति, एक पारदर्शी पानी की बोतल, और बॉल प्वाईंट पेन ले जाने की अनुमति होगी।

जिला प्रशासन ने परीक्षा को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह