विदाई समारोह में भावुक हुए सीटी एसपी शैलेंद्र सिंह

 


भागलपुर, 22 जून (हि.स.)। भागलपुर के सिटी एसपी (सीटी एसपी) शैलेंद्र कुमार सिंह के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में सोमवार को आयोजित विदाई समारोह भावुक माहौल में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर शैलेंद्र सिंह ने भागलपुर में बिताए अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्हें बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि मात्र पांच महीने के भीतर उनका तबादला हो जाएगा।

उन्होंने बताया कि उन्होंने 14 जनवरी को भागलपुर में पदभार ग्रहण किया था और इतने कम समय में यहां से विदा लेना उनके लिए भावुक क्षण है। विदाई समारोह को संबोधित करते हुए शैलेंद्र सिंह ने कहा, भागलपुर ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। यहां काम करने का अनुभव बेहद अच्छा रहा। यहां के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और सहयोगियों से लगातार सीखने का अवसर मिला। भागलपुर का कार्य वातावरण और टीम भावना काफी बेहतर है।

उन्होंने कहा कि भागलपुर में अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग की भावना देखने को मिली, जिससे प्रशासनिक और पुलिस कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिली।

उन्होंने विश्वास जताया कि जहां भी उनकी अगली तैनाती होगी, वहां भी वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। विदाई समारोह में डीआईजी, वरीय पुलिस अधीक्षक, नवगछिया के पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने शैलेंद्र सिंह के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान कई अधिकारी भावुक भी नजर आए। वहीं शैलेंद्र सिंह ने भागलपुरवासियों और अपने सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी और भागलपुर उनके जीवन एवं करियर का एक महत्वपूर्ण अध्याय बनकर रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर