जिला प्रशासन की तत्परता से 71 बच्चों का सुरक्षित पुनर्वास

 


अररिया 15 मई(हि.स.)।

जिलाधिकारी के निर्देश पर बाल कल्याण समिति के माध्यम से कुल 71 बच्चों को उनके परिजनों के बीच सुरक्षित रूप से पुनर्वासित किया गया। उल्लेखनीय है कि उड़ीसा के कटक क्षेत्र में अररिया जिले के 71 बच्चों को रेस्क्यू किया गया था।

सूचना प्राप्त होते ही जिलाधिकारी द्वारा सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई को आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी बच्चों के शीघ्र एवं सुरक्षित पुनर्वास का निर्देश दिया गया। इसके उपरांत जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा विभागीय प्रावधानों के अनुरूप सभी बच्चों का सामाजिक अन्वेषण प्रतिवेदन तैयार कर उड़ीसा के कटक जिला प्रशासन को प्रेषित किया गया। इस दौरान दोनों जिलों के प्रशासन एवं बाल कल्याण समिति के बीच लगातार समन्वय स्थापित किया गया।

कटक प्रशासन के सहयोग से सभी बच्चों को समुचित सुरक्षा व्यवस्था के बीच बस द्वारा बिहार के लिए रवाना किया गया।अररिया पहुंचने पर बाल कल्याण समिति के समक्ष सभी बच्चों को प्रस्तुत कर विधि सम्मत प्रक्रिया के तहत सभी बच्चों को उनके माता-पिता और अभिभावकों के सुपुर्द किया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले के सभी बच्चों की सुरक्षा एवं कल्याण प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं नियमों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर