बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत के निर्माण को लेकर बैठक, जिले की ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य
अररिया 30 अक्टूबर(हि.स.)। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के विरुद्ध उन्मूलन तथा जिले की ग्राम पंचायतों को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को जिला स्तरीय समन्वय, परामर्श एवं उन्मुखीकरण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान बाल विवाह मुक्त ग्राम पंचायत की अवधारणा, बाल विवाह की रोकथाम में पंचायत प्रतिनिधियों की भूमिका, सामुदायिक सहभागिता, विभागीय समन्वय एवं पंचायत स्तर पर प्रभावी कार्य योजना तैयार करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपस्थित सभी विभिन्न पंचायतों के मुखिया को अपने-अपने ग्राम पंचायत को बाल विवाह मुक्त बनाने की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने तथा इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही पंचायत स्तर पर जन-जागरूकता बढ़ाने, सामुदायिक निगरानी को मजबूत करने तथा विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से बाल विवाह की रोकथाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आसीडीएस), पुलिस उपाधीक्षक, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी गण उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर