विशेष अभियान के तहत बथनाहा और पलासी पंचायत बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित
अररिया 16 मार्च(हि.स.)।
बाल विवाह मुक्ति रथ विशेष अभियान के तहत फारबिसगंज प्रखंड के बथनाहा और नरपतगंज प्रखंड के पलासी पंचायत के मुखिया ने अपने-अपने पंचायत को बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित किया है।
जागरण कल्याण भारती के अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि अररिया जिला में रथ यात्रा से बाल विवाह पर अंकुश लगाने व रोकथाम का संदेश अब धरातल पर उतरने लगा है। बाल विवाह मुक्त भारत को लेकर देश भर में चलाए जा रहे सौ दिवसीय विशेष अभियान के तहत जिला प्रशासन अररिया के मार्गदर्शन में एक्सिस टू जस्टिस जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रेन जागरण कल्याण भारती के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता रथ अररिया जिला के सभी पंचायतों में निकाला गया। बाल विवाह की सूचना बचपन बचाओ आंदोलन के टॉल फ्री नंबर 18001027222 पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने और पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखे जाने की बात कही गई।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बथनाहा पंचायत के मुखिया एकलाक और पलासी पंचायत की मुखिया बीबी नौशाबा प्रवीण को जिला बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक शंभू कुमार रजक ने बाल विवाह मुक्त पंचायत घोषित करने को लेकर प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। मौके पर संस्था के दीपक कुमार पासवान, सोनू कुमार, अंकुश कुमार यादव, संगम लाल पासवान, विक्रम कुमार साह, हेमंत कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर