ऑपरेशन नया सवेरा के तहत महाराजगंज व रघुनाथपुर में छापेमारी, छह बाल श्रमिक मुक्त
सीवान, 11 जुलाई (हि.स.)। श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन के निर्देश पर गठित धावा दल ने शनिवार को ‘ऑपरेशन नया सवेरा 3.0’ के तहत महाराजगंज और रघुनाथपुर प्रखंड में संयुक्त छापेमारी कर छह बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।
सभी बच्चों को आगे की कार्रवाई के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सुपुर्द कर दिया गया।
धावा दल ने दोनों प्रखंडों के विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
अभियान के दौरान मानव तस्करी रोधी इकाई, स्थानीय थाना पुलिस तथा स्वर्गीय कन्हाई शुक्ला सामाजिक सेवा संस्थान के सहयोग से छह बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया गया।
संबंधित नियोजकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि बाल श्रम उन्मूलन के लिए जिले में आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे, ताकि बच्चों को शिक्षा और सुरक्षित बचपन का अधिकार मिल सके।
अभियान में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुधांशु रंजन पांडे, सौरभ सुमन, हिमांशु राज, विश्वजीत कुमार एवं अनीता कुमारी, सीएसए स्वीटी कुमारी सिंह, प्रोग्राम मैनेजर भोला श्रीवास्तव, सीएसडब्ल्यू धीरज सिंह, भोलू कुमार तथा रघुनाथपुर थाना की पुलिस टीम शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma