कटिहार में नर्सरी व मखाना फोड़ी केंद्र से 5 बाल श्रमिक मुक्त, नियोजकों पर प्राथमिकी
कटिहार, 20 अगस्त (हि.स.)। बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन अभियान के तहत गुरुवार को श्रम विभाग के विशेष धावा दल ने जिले में सघन छापेमारी कर 5 बाल श्रमिकों को विमुक्त कराया। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर गठित इस टीम ने श्रम संसाधन एवं प्रवासी कल्याण विभाग के श्रम अधीक्षक पीटर मिंज के नेतृत्व में सदर एवं कदवा प्रखंड में यह कार्रवाई की। मुक्त कराए गए सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है, वहीं दोषी नियोजकों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
अभियान के तहत पहली कार्रवाई सदर प्रखंड के दलन स्थित 'जय भारत नर्सरी' में की गई, जहां से 02 बाल श्रमिकों को छुड़ाया गया। वहीं दूसरी कार्रवाई कदवा प्रखंड के सागरथ में संचालित मखाना फोड़ी केंद्र पर हुई, जहां से 03 बाल श्रमिकों को काम करते हुए विमुक्त कराया गया। प्रशासन के अनुसार, विमुक्त सभी बच्चों को राज्य कार्य योजना के अंतर्गत समुचित पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
श्रम अधीक्षक पीटर मिंज ने बताया कि जिले में बाल मजदूरी कराने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले दिनों में विशेष रूप से सभी मखाना फोड़ी केंद्रों व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और दोषी नियोजकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अभियान के संचालन के लिए दो विशेष टीमें बनाई गई थीं। पहली टीम में सदर प्रखंड के श्रम प्रवर्त्तन पदाधिकारी (एलईओ) राजा बाबू, कोढ़ा के प्रेम कुमार एवं बरारी के दिलीप कुमार शामिल थे। दूसरी टीम में कदवा के एलईओ रूपेश कुमार गौतम, समेली के विमल प्रसाद, हसनगंज के शानू कुमार झा, मनिहारी के पवन कुमार तथा सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि कैसर एवं गुरूम मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह