बाल श्रम से विमुक्त बच्चों के लिए चलेगा विशेष अभियान
कटिहार, 06 अप्रैल (हि.स.)। जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में सोमवार को एनआईसी सभागार में बाल श्रम निषेध टास्क फोर्स और बाल संरक्षण इकाई की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में बाल श्रम से विमुक्त कराए गए बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई।
श्रम अधीक्षक पीटर मिंज को निर्देश दिया गया कि होटल, ढाबों, दुकानों, ईंट भट्ठों और अन्य प्रतिष्ठानों में काम करने वाले बच्चों को विशेष अभियान चलाकर रेस्क्यू किया जाए। साथ ही, सरकार द्वारा अनुमान्य राहत राशि ससमय बच्चों को मिले, इसका भी निर्देश दिया गया। इसके लिए बच्चों के परिवारों का खाता खुलवाना, राशन कार्ड, भूमि, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधा से जोड़ने का निर्देश दिया गया।
14 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का स्कूल में नामांकन कराने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चौधरी को दिया गया। अनाथ और बेसहारा बच्चों को परवरिश योजना से जोड़ने और उनका स्कूल में नामांकन कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बाल गृह और बालिका गृह के बच्चों का पुनर्वासन करने, पॉक्सो पीड़ित बच्चियों को बाल कल्याण समिति में उपस्थापित करने और वृहद आश्रय गृह के बच्चों के आधार कार्ड निर्गत करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त अमित कुमार, सहायक निदेशक रवि शंकर तिवारी, प्रभारी पदाधिकारी अभिषेक किशोर और श्रम अधीक्षक पीटर मिंज सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह