नन्हे हाथों ने उठाई स्वच्छता की मशाल: मारवाड़ी युवा मंच त्रिवेणीगंज ने चलाया जागरूकता अभियान

 


सुपौल, 24 अप्रैल (हि.स.)। शुक्रवार को मारवाड़ी युवा मंच, त्रिवेणीगंज की शाखा द्वारा स्थानीय आवासीय गुरुकुल स्कूल में एक भव्य स्वच्छता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को स्वच्छता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के दौरान आवासीय गुरुकुल स्कूल के बच्चों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

छात्र न केवल इस अभियान का हिस्सा बने, बल्कि वे अपने साथ स्वच्छता पर आधारित स्वरचित पोस्टर भी बनाकर लाए थे। इन पोस्टरों के माध्यम से बच्चों ने गीला कचरा-सूखा कचरा के अलग निस्तारण,प्लास्टिक मुक्त भारत और स्वच्छ परिवेश-स्वस्थ जीवन जैसे विषयों पर अपनी कलात्मक सोच प्रदर्शित की।

कार्यक्रम के समापन पर एक विशेष शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों की उपस्थिति में स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने स्वच्छ भारत' के संकल्प को दोहराया। बच्चों ने हाथ आगे बढ़ाकर यह शपथ ली कि वे न तो स्वयं गंदगी करेंगे और न ही किसी को करने देंगे, साथ ही अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। बच्चे देश का भविष्य हैं। जब वे स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में अपनाएंगे, तभी हमारा त्रिवेणीगंज और हमारा भारत पूर्णतः स्वच्छ और सुंदर बन पाएगा।

कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच त्रिवेणीगंज के अध्यक्ष युवा शुभम चौखानी, सचिव विवेक केजरीवाल सह - सचिव रवि चौखानी , कोषाध्यक्ष मयंक अग्रवाल , उपाध्यक्ष अंकित मित्तल , आवासीय गुरुकुल स्कूल के निर्देशक श्री राकेश चौधरी , उप प्रधानाचार्य रवि प्रकाश , कॉर्डिनेटर गोविंद जोशी जी एवं अन्य शिक्षक उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र