बक्सर में पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

 


बक्सर, 25 जुलाई (हि.स.)।

विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर नीट एवं अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक की घटनाओं के विरोध में एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्थिपा को लेकर शनिवार को बक्सर में विभिन्न पार्टी से जुड़े छात्र संगठन एवं कॉलेज से जुड़े छात्र संगठन के द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में छात्र शहर की सड़कों पर उतरे और धरना देकर परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्ष जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शनकारियों ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर पेपर लीक के खिलाफ नारेबाजी की तथा कहा कि लगातार हो रही अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने कहा कि भारत सरकार में 12 साल से मोदी सरकार है और इस सरकार में सबसे ज्यादा पेपर लिक के मामले आए हैं। इसके बावजूद भी कड़े कानून नहीं बनाया गया और ना ही परीक्षा लिक करने वाले लोगों पर उचित कार्रवाई हुई और तो और उन्हें क्लीन चिट भी मिल रहा है ऐसे में छात्रों के भविष्य का क्या होगा। हालांकि कुछ छात्रों ने कहा कि सरकार के तरफ से जो वादा किया गया है उसको अगर कानून का रूप दिया जाएगा तो आने वाले दिनों में जरूर इसमें सुधार होगा।

धरने में शामिल छात्रों ने मांग की कि नीट सहित सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू की जाए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें प्रशासन के समक्ष रखीं।

प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल को प्रमुख चौक-चौराहों एवं धरनास्थल पर तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों ने लगातार स्थिति पर नजर रखी और प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Mishra