चैती छठ को लेकर गंगा घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा व सुविधाओं पर विशेष जोर

 


बक्सर, 19 मार्च (हि.स.)।चैती छठ पूजा के मद्देनज़र जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने शहर के विभिन्न गंगा घाटों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर बल दिया। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल की तैनाती और मेडिकल टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हो।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा