छठ महापर्व को लेकर नगर परिषद ने तैयारियां की तेज,नहर में जेसीबी से की जा रही खुदाई
अररिया 03 नवम्बर(हि.स.)।
छठ महापर्व को लेकर अररिया नगर परिषद क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए शहर के विभिन्न छठ घाटों की साफ-सफाई, नहर में पानी की व्यवस्था और घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है।एबीसी नहर में पानी की उपलब्धता नहीं रहने के कारण नहर में जेसीबी मशीन लगाकर खुदाई करवाई जा रही है ताकि बोरिंग के माध्यम से उसमें पानी जमा किया जा सके।
छठ व्रतियों को अर्घ्य देने में परेशानी न हो, इसके लिए नगर परिषद ने वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है। जहांगीर बस्ती के समीप एबीसी नहर में पोकलेन मशीन की मदद से बांध बनाया जा रहा है।बांध बनने के बाद बोरिंग और पंपिंग सेट के जरिए नहर में पानी भरा जाएगा। नगर परिषद का लक्ष्य नहर में करीब 3 से 4 फीट तक पानी उपलब्ध कराने का है, ताकि श्रद्धालु आसानी से भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें।
नगर परिषद के मुख्य पार्षद विजय मिश्रा ने बताया कि एबीसी नहर में अगले चार से पांच वर्षों तक पानी आने की संभावना नहीं है।ऐसे में छठ महापर्व को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था करने का फैसला लिया गया है। बांध बनाकर बोरिंग के माध्यम से नहर में पानी भरने की तैयारी है।उन्होंने कहा कि नहर में साफ पानी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। छठ व्रतियों को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
एबीसी नहर के अलावा शहर में परमान नदी के तट पर स्थित छठ घाटों की भी साफ-सफाई कराई जा रही है। घाटों तक आने-जाने वाले रास्तों को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर