राज्यव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर गए छपरा नगर निगम के कर्मी

 


सारण, 30 जुलाई (हि.स.)। बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर गुरुवार से छपरा नगर निगम के सफाई कर्मी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के पहले ही दिन सफाई कर्मियों ने शहर में प्रदर्शन कर अपना विरोध जताया। इस दौरान आंदोलनकारी कर्मचारियों ने निजी एजेंसी के कर्मियों को भी काम करने से रोक दिया।

कर्मियों के काम बंद करने से छपरा नगर निगम के सभी 45 वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य सड़कों पर कचरे का अंबार लग गया है, जिससे स्थानीय पार्षद और आम जनता भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

मामले पर नगर आयुक्त रणजीत कुमार ने बताया कि यह राज्य स्तरीय हड़ताल है। नगर निगम वैकल्पिक व्यवस्था बनाकर सफाई कराने का प्रयास कर रहा है। वहीं मेयर लक्ष्मी नारायण गुप्ता और नगर आयुक्त ने कर्मचारी नेताओं से वार्ता कर उनकी न्यायसंगत मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का भरोसा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार