मंत्रियों से मिलीं छपरा विधायक छोटी कुमारी

 




सारण, 26 मई (हि.स.)। छपरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक छोटी कुमारी ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर विधायक ने पथ निर्माण मंत्री को नई जिम्मेदारी संभालने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान विधायक छोटी कुमारी ने अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने क्षेत्र की ग्रामीण व शहरी सड़कों के चौड़ीकरण, जर्जर सड़कों के पुनर्निर्माण, सड़क नेटवर्क के सुदृढ़ीकरण तथा आधारभूत संरचना के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने क्षेत्र की लंबित सड़क परियोजनाओं की ओर भी मंत्री का ध्यान आकृष्ट कराया। विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए पथ निर्माण मंत्री ने आश्वस्त किया कि बिहार सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों में बेहतर, सुरक्षित एवं आधुनिक सड़क व्यवस्था विकसित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों में पारदर्शिता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का भरोसा भी दिलाया।

इसके उपरांत विधायक छोटी कुमारी ने खान एवं भूतत्व विभाग तथा कला एवं संस्कृति विभाग के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी से भी मुलाकात की और उन्हें नए कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उन्होंने सारण जिले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले महर्षि दधीचि आश्रम का पुरातात्विक सर्वेक्षण कराकर उसे सरकारी मान्यता प्रदान करने तथा उसके संरक्षण व सौंदर्यीकरण की मांग की। साथ ही, प्रसिद्ध गौतम ऋषि स्थान को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने हेतु उसे राम सर्किट से जोड़ने तथा पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने का आग्रह किया।

विधायक ने कहा कि इन धरोहरों के संरक्षण से क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार