छपरा किलकारी में सावन उत्सव का हुआ आयोजन, राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने दी प्रस्तुतिया

 




सारण, 27 अगस्त (हि.स.)। बिहार बाल भवन किलकारी सारण प्रमंडल द्वारा छपरा में सावन उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्सवी माहौल में आयोजित किया गया। लोक संस्कृति, संगीत और मनमोहक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम में बच्चों ने नृत्य, संगीत एवं कविता के जरिए प्रकृति प्रेम को दर्शाया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की झाँकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

उत्सव के दौरान सावन राजा, सावन रानी, पारंपरिक हरा ड्रेस और मेहंदी लगाओ जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वहीं, अभिभावकों के लिए आयोजित म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता ने माहौल को और खुशनुमा बना दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना रहा। बच्चों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए भी प्रेरित किया गया। पूरे परिसर में हरियाली, झूले व फूलों की सजावट ने उत्सव की सुंदरता को आकर्षक बना दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार