चेहल्लुम शांतिपूर्ण संपन्न, जिले के 245 स्थलों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस बल रहे तैनात
किशनगंज, 04 अगस्त (हि.स.)। चेहल्लुम पर्व मंगलवार को जिले भर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पर्व के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। जिले के 245 चिह्नित संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों तथा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 60 से अधिक स्थानों पर सुरक्षा बल मुस्तैद रहे। अति संवेदनशील स्थलों पर एहतियात के तौर पर सोमवार शाम से ही दंडाधिकारी और पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई थी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने और पल-पल की जानकारी जुटाने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष को भी सक्रिय रखा गया, जहां पालीवार कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार करते रहे। दोनों अधिकारी अपने अधीनस्थ अधिकारियों से लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर आर.बी. राय तथा सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
श्रद्धालुओं और आम लोगों की सुविधा को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की गई थी। वहीं, सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल भी पूरे समय सक्रिय रही।प्रशासनिक सतर्कता और पुलिस की मुस्तैदी के चलते जिले में चेहल्लुम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ।
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह