छठ घाटों का थानाध्यक्ष व नगर प्रशासन ने किया निरीक्षण, पर्व से पहले तैयारियां पूरी करने का निर्देश

 


सुपौल, 13 नवंबर (हि.स.)। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पिपरा नगर पंचायत क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को नगर पंचायत के विभिन्न छठ घाटों का थानाध्यक्ष किशोर कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन मनोज कुमार सिंह और कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया।

इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर चल रहे कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मियों को पर्व से पहले सभी तैयारियां हर हाल में पूरी करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने घाटों पर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। नदी एवं तालाब के किनारे बने घाटों, पहुंच पथ, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्रों में गंदगी देखकर संबंधित कर्मियों को तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ नियमित निगरानी भी जरूरी है।

थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोरों की तैनाती, पुलिस बल की उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गहरे पानी वाले घाटों पर खतरे के निशान लगाने और ऐसे स्थानों पर पुलिस की विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

थानाध्यक्ष ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना रोकने के लिए थाना स्तर से पूरी तैयारी की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से घाटों पर अनुशासन बनाए रखने, गहरे पानी में जाने से बचने और बच्चों पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही असामाजिक तत्वों पर भी कड़ी नजर रखने की बात कही।

कार्यपालक पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने घाटों की मरम्मत, पहुंच पथ, पेयजल, शौचालय, चेंजिंग रूम और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान कई घाटों पर टूटी सीढ़ियां और उबड़-खाबड़ रास्ते पाए गए। उन्होंने संबंधित कर्मियों को तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि छठ पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी घाटों को सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना आवश्यक है। घाटों पर पेयजल, शौचालय, प्रकाश और चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन मनोज कुमार सिंह ने स्थानीय लोगों और छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बातचीत की। उन्होंने घाटों पर तैयारियों को लेकर उनकी समस्याएं सुनीं। स्थानीय लोगों ने अतिरिक्त लाइट, बेहतर साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की मांग रखी। चेयरमैन ने संबंधित समस्याओं का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

अधिकारियों ने कहा कि नगर पंचायत और थाना प्रशासन छठ महापर्व को लेकर पूरी तरह अलर्ट है। पर्व से पहले सभी घाटों पर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ छठ महापर्व मना सकें।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उप चेयरमैन अरुण गुप्ता, शिबू नायक, वार्ड पार्षद, नगर पंचायत कर्मी एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र