छठ घाट गए परिवार के घर से सात लाख नकद और लाखों के आभूषण चोरी

 


सुपौल, 16 नवंबर (हि.स.)। भपटियाही थाना क्षेत्र के सरायगढ़ पंचायत अंतर्गत चिकनी गांव के वार्ड 9 में छठ महापर्व के दौरान अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर करीब सात लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए।

घटना के समय परिवार के सभी सदस्य उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए कोसी नदी किनारे छठ घाट गए हुए थे।

घटना के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। चिकनी गांव वार्ड 9 निवासी राजकुमार साह, पिता रामजी साह के परिवार के सभी सदस्य सोमवार की अहले सुबह छठ घाट पर अर्घ्य देने गए थे। इसी दौरान घर को खाली देखकर अज्ञात चोर अंदर घुस गए। चोरों ने घर के विभिन्न कमरों और अलमारियों को खंगालकर नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए।

बताया गया कि राजकुमार साह के परिवार ने अपनी बेटी की शादी की तैयारी के लिए लंबे समय से नकदी और सोने-चांदी के आभूषण जुटाकर घर में रखे थे। परिवार के अनुसार, करीब सात लाख रुपये नकद के अलावा लाखों रुपये के आभूषण भी चोरी हुए हैं।

छठ घाट से अर्घ्य देकर जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो सामान बिखरा देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर नकदी और आभूषण गायब मिले। इसके बाद परिवार ने आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। देखते ही देखते घर के पास लोगों की भीड़ जुट गई।

बेटी की शादी के लिए जुटाई गई जमा पूंजी चोरी होने से राजकुमार साह का परिवार गहरे सदमे में है। छठ महापर्व के दौरान हुई इस घटना से ग्रामीणों में भी आक्रोश और चिंता है।

पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर नकदी और आभूषण बरामद करने की मांग की है।

भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र