छातापुर के युवक की संदिग्ध हत्या से सनसनी, फोन आने के बाद घर से निकला

 


सुपौल, 05 अगस्त (हि.स.)।

जिले के छातापुर थाना क्षेत्र के उधमपुर वार्ड संख्या-5 निवासी 21 वर्षीय सुरेश मंडल उर्फ रोहिल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई हत्या ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंगलवार रात घर से निकले युवक का अगले दिन प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया के समीप सड़क किनारे शव मिलने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच तेज कर दी है।

परिजनों के अनुसार मंगलवार रात करीब 10 बजे रोहिल घर पर भोजन कर रहा था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। फोन आने के बाद वह घर से बाहर चला गया, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद मिला, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई। बुधवार को खोजबीन के दौरान परिजनों को प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गढ़िया के पास सड़क किनारे रोहिल का शव मिला। परिजनों का आरोप है कि युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या की गई। उनका कहना है कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

मृतक के परिजनों ने दावा किया है कि रोहिल का प्रतापगंज थाना क्षेत्र की एक युवती के साथ पिछले लगभग तीन वर्षों से प्रेम संबंध था। उनका कहना है कि दोनों परिवारों के बीच विवाह को लेकर बातचीत भी चल रही थी। परिजनों का आरोप है कि इसी संबंध को लेकर साजिश रचकर युवक की हत्या की गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच की बात कही है।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित युवती और उसकी मां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।परिजनों ने मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) की जांच कराने की मांग भी की है।

उनका मानना है कि अंतिम कॉल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों से घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सकती है। पुलिस मोबाइल कॉल रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र