छातापुर में डीएम ने अंचल व प्रखंड स्तर के कार्यों की समीक्षा की

 


सुपौल, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला पदाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को छातापुर प्रखंड मुख्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अंचल एवं प्रखंड स्तर पर संचालित विभिन्न कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और संबंधित पदाधिकारियों को आमजन से जुड़े मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया।

भ्रमण के दौरान डीएम ने अंचल अधिकारी, छातापुर से म्यूटेशन, एलपीसी, नापी एवं परिमार्जन सहित अन्य राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इन कार्यों से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों को निपटाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि राजस्व विभाग से जुड़े कार्य सीधे आम लोगों की जरूरतों से संबंधित हैं। ऐसे में लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निष्पादन की गति बढ़ाने को कहा।

इस दौरान प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, छातापुर को निर्देश दिया गया कि 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में ऐसे सरकारी भवनों के रंग-रोगन से संबंधित योजनाओं को शामिल कराया जाए, जिन भवनों में आंगनबाड़ी केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों के भवनों की स्थिति बेहतर करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।

प्रखंड विकास पदाधिकारी, छातापुर को कायाकल्प योजना के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कराने का निर्देश दिया गया। डीएम ने कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े कार्यों के निष्पादन में पूरी तत्परता बरती जाए तथा सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र