छपरा नगर निगम ने किया ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन
सारण, 18 जून (हि.स.)। छपरा शहरी निकायों के जनप्रतिनिधियों की क्षमता वर्धन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर छपरा नगर निगम द्वारा एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में छपरा नगर निगम के महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता, उप महापौर रागिनी कुमारी सहित विभिन्न नगर पंचायतों के मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद, सभी पार्षदगण, कार्यपालक पदाधिकारी एवं स्वच्छता पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन करते हुए महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता ने कहा कि यह नया नियम स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण-अनुकूल शहरों के निर्माण की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने जोर देकर कहा कि स्वच्छता केवल नगर निकायों का काम नहीं है, बल्कि यह जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से कचरा पृथक्करण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने की अपील की।
प्रशिक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने नियमों के तकनीकी और कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्रोत स्तर पर ही गीले और सूखे कचरे को अलग करना, रिसाइकलिंग को बढ़ावा देना और वैज्ञानिक पद्धति से कचरे का निस्तारण करना इस नियम के मुख्य स्तंभ हैं।
नगर आयुक्त रंजीत कुमार ने प्रतिभागियों को डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, अपशिष्ट प्रसंस्करण और संसाधन पुनर्प्राप्ति की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्थायी शहरी विकास और स्वच्छता को सुदृढ़ बनाने के लिए जनभागीदारी को बढ़ाना अनिवार्य है। कार्यक्रम में सभी जनप्रतिनिधियों ने भी अपने अनुभव व बहुमूल्य सुझाव साझा किए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नवीन नियमों के माध्यम से व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि सुंदर और सतत शहरों का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार