बदलते मौसम से बढ़ा वायरल संक्रमण का प्रकोप, सदर अस्पताल की ओपीडी में उमड़ रही मरीजों की भीड़

 


सुपौल, 27 जुलाई (हि.स.)। जिले में लगातार बदल रहे मौसम ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कभी तेज धूप, कभी बारिश और बढ़ती उमस के कारण वायरल संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इसका असर जिले के सदर अस्पताल समेत विभिन्न सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की ओपीडी में साफ दिखाई दे रहा है, जहां सुबह से ही इलाज कराने पहुंचे मरीजों की लंबी कतार लग रही है।

अस्पताल में इन दिनों बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश मरीज वायरल बुखार, सर्दी, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द और बदन दर्द जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। मरीजों की जांच के बाद उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। बढ़ती भीड़ को देखते हुए अस्पताल प्रशासन भी ओपीडी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटा हुआ है।

चिकित्सकों का कहना है कि बारिश, उमस और तापमान में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के कारण वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। ऐसे मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होने से संक्रमण जल्दी फैलता है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों तथा पहले से किसी बीमारी से ग्रसित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा का सेवन नहीं करने की अपील की है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, पौष्टिक एवं संतुलित भोजन करने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क का उपयोग करने की सलाह दी गई है। यदि तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में तकलीफ या अन्य गंभीर लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी गई है।स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से मौसम के इस बदलाव के दौरान सतर्क रहने और शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर तुरंत जांच कराने की अपील की है। विभाग का कहना है कि समय पर उपचार और आवश्यक सावधानियां अपनाकर वायरल संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। फिलहाल स्वास्थ्यकर्मी बढ़ती मरीजों की संख्या के बीच लगातार चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र