किशनगंज में चैती छठ पर श्रद्धा और आस्था के साथ व्रतियों ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
किशनगंज, 24 मार्च (हि.स.)। चैती छठ पर्व के अवसर पर मंगलवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। धर्मगंज, मझिया घाट, डे मार्केट धोबी पट्टी, खगड़ा प्रेम पुल सहित अन्य प्रमुख घाटों पर बड़ी संख्या में छठ व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। सांझ होते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सुसज्जित होकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करती नजर आईं। पूरे वातावरण में भक्ति गीतों और छठी मैया के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन अपने दल-बल के साथ विभिन्न छठ घाटों का लगातार जायजा लेते रहे और सुरक्षा व्यवस्था पर कड़ी नजर बनाए रखी। प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा। चैती छठ के इस पावन अवसर पर पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
हिन्दुस्थान समाचार/धर्मेन्द्र सिंह
हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह