चेन स्नैचिंग गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार, सोना बरामद
कटिहार, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की एक घटना का सफल उद्भेदन करते हुए एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई चेन का गलाया हुआ 9.810 ग्राम सोना, घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देशानुसार इस मामले के खुलासे के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-01) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त मुख्य आरोपी आसिफ आलम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी की सोने की चेन खरीदने वाले आशा ज्वेलर्स के संचालक राजकुमार साह, बिक्की कुमार और वासुकीनाथ दुर्ग को पकड़ा गया। इसके उपरांत राजकुमार साह की निशानदेही पर सोने की चेन को गलाने के लिए दिए गए दो अन्य आरोपियों अतुल जाधव और गोविंद विश्वास गोरे को भी विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
ज्ञात हो कि विगत 29 जून की सुबह लगभग 05:10 बजे नगर थाना अंतर्गत गांधीनगर निवासी वादी रमन कुमार चौधरी (उम्र 50 वर्ष) की पत्नी अपनी बच्ची को स्कूल वाहन में भेजने हेतु सड़क किनारे प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात अपराधियों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली और मौके से फरार हो गए थे। इस संबंध में नगर थाना में कांड संख्या-726/26 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने चेन झपटने वाले से लेकर उसे खरीदने और गलाने वाले पूरे नेटवर्क को गिरफ्तार किया है, जिसमें आसिफ आलम (उम्र 21 वर्ष), पिता-हबीबुर रहमान, साकिन-सड़क टोला, हाजीपुर, थाना-मुफस्सिल, राजकुमार साह (उम्र 63 वर्ष), पिता-स्व० छोटे लाल साह, व बिक्की कुमार कुमार (उम्र 23 वर्ष) दोनों राजकुमार साह, साकिन-दुर्गापुर वार्ड नं०-37, थाना-नगर, अतुल जाधव (उम्र 34 वर्ष), पिता-दिलीप जाधव, साकिन-वायरलेस गली, गर्ल्स स्कूल रोड, अमला टोला, थाना-नगर और गोविन्द विश्वास गोरे (उम्र 31 वर्ष), पिता-विश्वास गोरे, साकिन-वायरलेस गली, गर्ल्स स्कूल रोड, अमला टोला, थाना-नगर, जिला-कटिहार शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गए चेन का गलाया हुआ सोने का टुकड़ा, जिसका कुल वजन 9.810 ग्राम है। घटना में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल और अभियुक्तों के पास से कुल 6 मोबाइल बरामद किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनोद सिंह