चंद्रावत नदी का बढ़ा जलस्तर, खिरियाघाट पर बढ़ा दबाव, निगम अलर्ट

 


बेतिया, 01 अक्टूबर (हि.स.)। योगापट्टी प्रखंड के गोलाघाट डुमरी के समीप चंपारण तटबंध में कटाव के बाद बाढ़ का पानी भवानीपुर की ओर से चंद्रावत नदी में पहुंच रहा है। इससे खिरियाघाट के समीप नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। स्थिति को देखते हुए बेतिया नगर निगम प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।

चंद्रावत नदी शहर के बीच से गुजरती है। नदी में पानी बढ़ने से शहर के निचले इलाकों में जलजमाव की आशंका बनी हुई है। संत घाट से पथरी घाट तक कई स्थानों पर नदी का बहाव क्षेत्र संकरा होने के कारण अतिरिक्त पानी पहुंचने पर परेशानी बढ़ सकती है।

नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित ने पदाधिकारियों और कर्मियों को पूरी तत्परता एवं आपसी समन्वय के साथ स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया है। नदी के जलस्तर और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है।

नगर निगम ने शहरवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लोगों से घाटों पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने तथा नदी के बढ़ते पानी से दूर रहने को कहा गया है। किसी भी आपात स्थिति में नगर निगम प्रशासन या जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक