जनगणना के द्वितीय चरण के जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का डीएम ने किया शुभारंभ
अररिया 31 अक्टूबर(हि.स.)। भारत की जनगणना के द्वितीय चरण के सफल, सुचारू एवं त्रुटिरहित संचालन के उद्देश्य से अधिकारियों तथा अन्य संबंधित शासकीय सेवकों का जिलास्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शनिवार को जिला पदाधिकारी-सह- प्रधान जनगणना अधिकारी विनोद दूहन द्वारा दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया गया।
यह दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्रों के रूप में दो बैचों में आयोजित किया जा रहा है। प्रथम बैच का प्रशिक्षण दिनांक 31 अक्टूबर से 01 नवंबर तक तथा द्वितीय बैच का प्रशिक्षण दिनांक 02 नवंबर से 03 नवंबर तक निर्धारित है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि जनसंख्या जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके आधार पर देश की जनसंख्या से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आंकड़ों का उपयोग विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा नीतिगत निर्णयों में किया जाता है। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी गंभीरता, तत्परता एवं उत्तरदायित्व के साथ संपादित करना आवश्यक है।
जिला पदाधिकारी ने सभी प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण में बताई जा रही प्रक्रियाओं, तकनीकी पहलुओं एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों को गंभीरतापूर्वक समझें, ताकि क्षेत्र स्तर पर जनगणना कार्य का निष्पादन निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जा सके। उन्होंने स्व-गणना के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने तथा जनगणना के महत्व से लोगों को अवगत कराने के लिए प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाने पर भी बल दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय से आए मास्टर प्रशिक्षक नीरज कुमार सिंह एवं रंजय कुमार सिन्हा ने जनसंख्या जनगणना की प्रक्रिया, विभिन्न चरणों एवं कार्यान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।मौके पर बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर