पिता-पुत्री की हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल, पुलिस करेगी जांच

 


भागलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के बिहपुर प्रखंड के बिहपुर मध्य पंचायत क्षेत्र में छठ पूजा के दौरान कथित हर्ष फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में एक सेवानिवृत्त सैनिक अपनी पुत्री के साथ बंदूक से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि छठ पूजा के अवसर पर कथित तौर पर लाइसेंसी बंदूक से यह फायरिंग की गई है। वीडियो में युवती अपने पिता के साथ बंदूक चलाती दिख रही है और उनके पीछे कुछ अन्य लोग भी खड़े हैं।

सोशल मीडिया पर यह वीडियो 'कोमल कुमारी' नाम के आईडी से साझा किए जाने की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

मुख्यालय डीएसपी सह प्रभारी एसडीपीओ मनोज कुमार सुमन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। जांच में वीडियो की सत्यता और घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाकर दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर